क्षेत्रीय सांसद/केंद्रीय मंत्री ने किया कृषि विज्ञान केन्द्र का भ्रमण

केंद्रीय मंत्री ने गौ शाला जाकर  गायों को खिलाई गुड़ व रोटी

ललितपुर ब्यूरो आज दिन रविवार को सुश्री उमा भारती केंद्रीय मंत्री पेयजल एवं स्वच्छता, भारत सरकार/सांसद झांसी-ललितपुर ने ललितपुर के खिरियामिश्र स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र का भ्रमण किया। कृषि विज्ञान केन्द्र के भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह द्वारा केंद्रीय मंत्री को कृषि विज्ञान केन्द्र, ललितपुर की उपलब्धियों के बारे में अवगत कराया गया। उन्होने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि कृषि विज्ञान केन्द्र ललितपुर के प्रयासों से जनपद की फसल सघनता 136 से 180 प्रतिशत तक बढ़ चुकी है। जनपद में बांधों के किनारे वाले क्षेत्रफल को मूंग उत्पादन के लिए तैयार किया जा रहा है तथा ऐसे स्थानों पर एक साथ पकने वाली प्रजाति सम्राट का वितरण किसानों के बीच किया जा रहा है। कृषि उन्नत तकनीक के प्रशिक्षण आयोजित करके कृषि तकनीक से कृषकों, कृषक महिला, ग्रामीण युवकों को जानकारी उपलब्ध करायी जा रही है, साथ ही किसानों की जानकारी के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र में औषधीय पौधों के कैफिटेरिया को विकसित किया जा रहा है, जिसमें लेमनग्रास, गुग्गुल, गिलोह, ग्वारपाठा आदि का रोपण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने निर्देशित किया कि जनपद के अनुकूल प्रजातियों का चयन कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा करके कृषकों को लाभ पहुंचाया जाये। कम पानी के गेंहू के बारे में उन्होंने प्रजातियों के चयन के बारे में भी कहा। इस अवसर पर निदेशक प्रसार बांदा, कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बांदा, अध्यक्ष कृषि विज्ञान केन्द्र, ललितपुर, द्वारा केंद्रीय मंत्री को कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में बताया। निदेशक ने बताया कि केन्द्र पर सीड हब के कार्यक्रम के अंतर्गत एक बीज विधायन संयत्र का भवन लगभग बनकर तैयार है। इस बीज विधायन संयत्र के बन जाने से अपनी उपज का अधिक मूल्य मिलेगा तथा उनको जनपद में ही तैयार होने वाले दलहनी बीज सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगे। केंद्रीय मंत्री को बताया गया कि केन्द्र पर छोटे कृषकों के समन्वित कृषि पद्यति के अंतर्गत एक मड्यूल विकसित किया जा रहा है इसके अंतर्गत केन्द्र पर थारपारकर नस्ल की गाय लायी गयी है। साथ में एक उद्यान की नर्सरी विकसित की जा रही है पानी की कमी को दूर करने के लिए तालाब विकसित किया गया है। केंद्रीय मंत्री ने गौ शाला जाकर  गायों को गुड़ व रोटी भी खिलाई । इस दौरान उन्होंने केन्द्र पर विकसित की गई औषधीय पौध तकनीक पार्क का निरीक्षण भी किया। केंद्रीय मंत्री ने केन्द्र के संचालित कार्यो की सराहना की और कहा कि यह केन्द्र श्रेष्ठ कार्य कर रहा है और उत्तम कार्य करने की अपेक्षा है। उन्होंने केन्द्र को आश्वस्थ किया कि उनकी समस्याओं को शीघ्र निस्तारित किया जायेगा जिसमें सड़क निर्माण एवं पेयजल व्यवस्था तथा कृषक आवास का निर्माण प्रस्तावित है। 

         इस अवसर पर उनके साथ ललितपुर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चैबे, भा.ज.पा. जिलाध्यक्ष रमेश सिंह लोधी, सहायक निदेशक प्रसार, उप निदेशक कृषि जिला उद्यान अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, अभियंता सिंचाई विभाग एवं अन्य जिलास्तरीय अधिकारी तथा कृषि विज्ञान केन्द्र के समस्त वैज्ञानिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट अमित अग्रवाल